Wednesday, September 30, 2015

डर या दिखाबे के लिए नहीं श्रद्धा से करें श्राद्ध


पितृ पक्ष अर्थात अपने पूर्वजों को याद करने के दिन जो कि शुरू हो चुके हैं | आजकल सबसे पूजनीय प्राणी ब्राह्मण होता है ,जिसे पूरे साल कोई नहीं पूछता | पर पितृ पक्ष में लोगों में कम्पटीशन होता है  एक कहता है, "मैंने तो अपने पिता के श्राद्ध पर पांच ब्राह्मनो को खाना खिलाया " दूसरा कहेगा बस "मैंने तो अपनी माताजी के श्राद्ध पर ग्यारह ब्राह्मणों को खिलाया" चाहे जीतेजी अपने माता पिता या सास ससुर को दाल रोटी भी परोस कर नहीं खिलाई होगी पर मरने के बाद ब्राह्मणों को मनुहार कर करके खीर, पूरी, कचौड़ी खिलाएंगे | बेचारा ब्राह्मण खा खा कर बेजार है दो जगह का न्योता और है पर क्या करे ? लोग डर और दिखाबे में पड़े हैं यदि श्राद्ध नहीं किया तो पितृ नाराज ना हो जाएँ और लोग क्या कहेंगे बताओ फलाना अपने माता पिता का श्राद्ध तक नहीं करता | बंधू सिर्फ गिनकर ब्राह्मण खिलाने भर से पितृ प्रसन्न होंगे ऐसी सोच छोड़ कर किसी गरीब और भूखे को भोजन करा दो किसी जरुरत मंद की मदद कर दो | अपने पिता की तस्वीर पर माला चढ़ा कर कम से कम दो मिनट को तो उन्हें सच्चे मन याद कर लो | माँ के जाने के बाद अकेलेपन की मार झेलते पिता को कुछ वक्त दे दो  या पिता के जाने पर विधवा माँ अकेली रो रही है उसी की सेवा जीते जी कर लो तो शायद आपके पिता की आत्मा को शांति मिले | "जिए बात न पूछ्या,मरे पे छाती कूटना " छोड़ अपने बड़ों का जीते जी सम्मान करें |

Monday, September 28, 2015

सपना रामराज्य का



हमारे देश को लोग अत्यंत आशावादी किस्म के हैं और याददास्त तो इतनी कमाल है कि किसी नई घटना के होते ही पुरानी घटना को ऐसे भुला देते हैं, मानो कुछ हुआ ही ना हो | ये वो लोग हैं जो प्याज और पेट्रोल के दाम बढ़ने पर सत्यम और व्यापम जैसे घोटालों को मिनटों में भुला देते हैं |
इस देश के लोग हर छोटी बड़ी बातों ऐसे खुश होते हैं, मानो आज सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया उसका कल से ही पालन हो जाएगा | बात पचाना और खुशी छुपाना इनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं | यदि कोई इनसे ये कहे कि बात किसी को मत बताना तो इनके पेट में मरोड़ शुरू हो जाती है ,जहाँ पहले इनकी बातें सिर्फ पडौसियों तक सीमित थी आज हर बात ट्विटर और फेसबुक पर उड़ेलकर हल्केपन का एहसास महसूस करते हैं और तुर्रा ये कि बताई कहाँ ? ये तो पोस्ट है | और आजकल एक और नया फैशन चला है, हमारे यहाँ के लोग बाग़ आजकल हर शिकायत लेकर सुप्रीम कोर्ट के पास ऐसे जाते हैं जैसे बच्चा पिटकर माँ के पास जाता है “मम्मी देख लो पप्पू ने मारा” और माँ तुरंत पप्पू को बोलेगी “खबरदार जो बंटी को हाथ लगाया” ये और बात है कि पप्पू गर्दन हिलायेगा माँ का आदेश मानेगा और हाथ के बजाय लात से बंटी को मारेगा |
लोगों का इतना प्रेम देख सुप्रीम कोर्ट भी सपनों की दुनिया में विचरण करने लगा है, और सुप्रीम कोर्ट का नया आदेश आज घोर कलियुग के काल में रामराज्य स्थापित करने के सपनों की शुरूआत के लिए पहला कदम है | रामराज्य में बकरी और शेर एक ही नदी पर पानी पीते थे | ऐसे ही अफसरों के बच्चे और गरीबी रेखा के नीचे का जीवन जीने वालों के बच्चे एक ही स्कूल में पढेंगे तो रामराज्य ही तो वापिस आएगा | हम लोगों को हर बात पर विश्वास करने की और खुश होने की आदत जो है अब वो चाहे नेताजी के झूठे वादे हों या सुप्रीम कोर्ट का कोई आदेश |
अब भाई राजा महाराजा तो रहे नहीं पर हमारे देश के सरकारी अफसर किसी राज्य के राजा से कतई कम नहीं | ये बात और है सरकारी अस्पताल और सरकारी स्कूल भले ही राजसी अहसास ना कराते हो और राजा महाराजा उधर जाना भी अपनी तौहीन समझते हों, पर गरीब प्रजा के पास तो वहां जाने के अलावा कोई चारा नहीं | ऐसे में यदि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार राजकुमार और राजकुमारी उन स्कूलों के आसपास भी गए तो .......उम्मीद की नई किरण फूटेगी जरुर, ऐसा यहाँ की जनता को लगता है ,जो अपनी कमजोर याददास्त की वजह से कुछ साल पहले के एक आदेश को भूल गए, जो मखमल में टाट के पैबंद लगाने के बराबर था | यानी इकोनोमिक वीकर सेक्शन के बच्चो को पब्लिक स्कूल में पढ़ाने का आदेश | अब मखमल में पैबंद तो ना लगा, हां बैठने के लिए टाट की अलग से व्यवस्था जरुर कर दी गयी | आज उन्ही टाटो पर ,कोमल,मुलायम मखमल सरीखे अफसरी बच्चो को बिठाने के सपने देखे और दिखाए जा रहें हैं,ये वो बच्चे हैं जो एसी और गाडी के बिना जीवन होता है ये भी नहीं जानते,
पिज्जा और बर्गर के बिना किसी का जिन्दा रहना इनके लिए किसी आश्चर्य से कम नहीं | ऐसे बच्चे उन स्कूलों में पढेंगे, जहाँ जाकर गरीब को भी अपनी गरीबी दुखी करने लगती है | ये दिवास्वप्न या सतयुगी कल्पना नहीं तो क्या है | सुप्रीम कोर्ट के आदेश के सच होने की कल्पनामात्र से देश की जनता की खुशी के मारे नींदे उड़ी हुई हैं, बिना ये सोचे की सरकारी अफसर की मोटी खाल ऐसे आदेशों से बेअसर है, सो वो अब भी चैन से सो रहा है |

Sunday, September 20, 2015

अकेली औरत का सफरनामा

अजी रेल यात्रा तो सभी ने की होगी चाहे छोटी या बड़ी, पर ऐसी रेल यात्रा करने का सौभाग्य तो किस्मत वालों को ही मिलता है |
बात कुछ ऐसे शुरू हुई कि हमें अपने मायके मथुरा जाना था और पतिदेव के पास वक्त नहीं था |  रोज रोज के बहाने सुनकर हमारा पारा चढ गया, हमने भी कह दिया, “आप अपने बच्चों को संभालिए, हम अकेले ही चले जाएँगे | दिल्ली से मथुरा है ही कितनी दूर |” पतिदेव ने बहुत समझाया कि ‘भागवान एक दो दिन रुक जाओ | पर हम कहाँ सुनने वाले सनकी जो ठहरे वैसे भी कहावत प्रसिद्ध है | “स्त्री हठ ,राज हठ ,बाल हठ | बात स्त्री हठ की थी, अड. गए तो अड. गये |
खैर कार्यक्रम बना कि हम सुबह सात बजे वाली गाड़ी से जायेंगे और पति देव स्टेशन छोड देंगे | गुस्से मैं कह तो दिया था, लेकिन सारी रात नींद नहीं आई| पहली बार अकेले जा रहे थे |  सुबह जल्दी से तैयार हो गए और स्टेशन के लिए रवाना हुए | हम तो कल्पना कर रहे थे...... कि एक घंटे पहले आये है, आराम से टिकट मिल जाएगी | लेकिन ये क्या ... टिकट खिडकी का जो हाल था, उसे देखकर तो हमारे होश उड़ गए.....| कुल छ खिडकी,उसमें से सिर्फ एक महिलाओं की और वो भी बंद |
सारी खिड़कियों पर बर्र के छत्ते जैसी भीड़, और आखिरी खिडकी पर महिलाएं पुरुषों  से कंधे से कंधा मिलाये बराबरी दर्शा रहीं थी | हमने कातर दृष्टि पहले भीड़ की तरफ डाली, फिर अपने पतिदेव पर इस उम्मीद मैं डाली कि वो कहें......रहने दो जानेमन, मत जाओ,वापिस चलो,इस भीड़ मैं तुम परेशान हो जाओगी | लेकिन पतिदेव ने हमें ऐसे देखा... मानो चुनौती दे रहे हों.. “और करो जिद ....अकेले जाने की..... ,अब भुगतो |” हमने भी सोचा ‘जब ऊखल मैं सर दे ही दिया है तो ,मूसली से क्या घबराना” भगवान का नाम लिया और लग गए लाइन मैं | पतिदेव जाकर एक तरफ खड़े हो गए | अब तो हमारी इज्जत का सवाल था |
पर ये क्या ? १५ मिनट बीतने पर भी लाइन टस से मस नहीं हुई | हमने अपने पीछे लगी महिला से कहा, ‘बहनजी हम देख कर आते है, माजरा क्या है? आप हमारी जगह रोकना | हमने जाकर देखा तो बड़ा गुस्सा आया, एक साथ चार चार आदमी खिडकी में हाथ फंसा रहे थे और कोई महिला कोशिश करती तो कोहनी मार देते |
वो बेचारी चुपचाप हट जाती | हम गुस्से में मर्दों से बोले, ‘क्यों भाई सिर्फ आप लोगों को ही टिकट खरीदना है क्या? एक आदमी और एक औरत बारी बारी टिकट लो |” फिर औरतों से कहा, “घर मैं तो तुम लोग बड़ा शोर मचाती हो ,यहाँ मर्दों से मात खा रही हो, क्या ऐसे ही पुरुषों से बराबरी करोगी ?” हमारे शोर मचाने का इतना असर तो हुआ कि औरतो मैं जोश आया और उन्होंने भी धक्का मुक्की शुरू कर दी ,अब कतार आगे बढ़ने लगी | हम बड़ी तसल्ली से अपने स्थान पर जाकर खड़े हो गए | हमें उम्मीद बंध रही थी कि अब समय पर टिकट मिल जायेगा ,
......लेकिन ये क्या.......? ये हम क्या देख रहे है .....?  कुछ बुजुर्ग महिलाऐं, बिना लाइन मैं लगे ही टिकट ले रही है | एक दो महिलाओं ने टोका भी लेकिन उन के कान पर जूं तक नहीं रेंगी | हद तो तब हो गयी जब और भी कई  आंटियां, साइड से आ आ कर टिकट  लेने लगी | अब तो हमारी सहनशक्ति जबाब देने लगी | एक तो हम पहली बार अकड़ मैं अकेले जा रहे है ,यदि टिकट ही नहीं ले पाए, तो पहली सीढ़ी से ही गिर जायेंगे | ......’नहीं ऐसा नहीं हो सकता.... ये हमारी इज्जत का सवाल है’|
हममें जोश आ गया और हम पूरे दम से  चिल्लाये “ ए........ बिना कतार के कोई टिकट नहीं लेगा, हम सब पागल नहीं है,जो पिछले आधे घंटे से लाइन मैं लगे है | हमें देखकर, अन्य महिलाओ मैं भी जोश का संचार हुआ, वो भी चिल्लाने लगी | हमारे आगे अभी आठ दस महिलाएं थी और वक्त कम | अब हमने धक्कामुक्की शुरू की.... हमने अपने पीछे वाली महिलाओं को भी भड़का दिया था कि ट्रेन छूट जाएगी और हम टिकट नहीं ले पाएंगे | अब पीछे से भी धक्कामुक्की शुरू हों गयी | इसी का फायदा उठा कर हम खिडकी तक पहुँच गए| जैसे ही... हमने खिडकी में हाथ डालने की कोशिश की, तीन चार पुरुषों ने अपने हाथ फंसा दिए और हममें कोहनी मार दी | एक बार तो हमारे पांव झिझक कर पीछे हुए, लेकिन अगले ही पल हमने रानी लक्ष्मी बाई को याद किया, और सोचा कि ‘एक वो थी जो इतने पुरुषों को हरा दिया | लानत है हम पर जो कोहनी से डर गए |’ हमने भी पूरे जोश मै उन पुरुषों को धक्का दिया और ये क्या.... वो तो एक के ऊपर एक गिर पड़े थे | हमने बिना एक पल भी गवाएं टिकट खरीदा,और जब तक वो संभलते, हम वहाँ से ऐसे भागे मानो सचमुच युद्ध जीत लिया हो |
अब हम प्लेटफार्म कि तरफ भागे ,साथ में  हमारे बेचारे पतिदेव भी भाग रहे थे ,क्योंकि गाड़ी छूटने का वक्त हो रहा था | हमारे पैरों मै दर्द हो रहा था ,लेकिन हमने हिम्मत नहीं हारी और फटाफट रेल मै चढ़ गए | इस उम्मीद में कि आराम से बैठेंगे | हमारे चढ़ते ही रेल चल पड़ी | हम तो ठीक से पति से बाय भी नहीं कर पाए |
लेकिन हमारी मुसीबत का अंत यही नहीं हुआ,अंदर का हाल देखकर तो हमारे होश उड़ गए | रेल में तो सचमुच भीड़ की रेल पेल थी | वहां बैठना तो दूर ठीक से खड़े होने की भी जगह नहीं थी |
कंधे पर बैग का बोझ लटकाए ,हम एक टांग पर बगुला भगत की तरह खड़े, खुद को कोस रहे थे और अपने आप से बातें कर रहे थे .......क्या जरुरत थी बहादुरी दिखाने की ? यदि बहादुरी दिखानी ही थी, तो कम से कम रिजर्वेशन तो करवा कर आती वेबकूफ कहीं की |और मजा लो जल्दबाजी का, चलो अब जनरल डिब्बे में | इन दस सालो में हम दो से चार हों गए लेकिन जनरल डिब्बे दो के दो ही है| लगता है इन्होने अपनी फेमिली प्लान कर रखी है | और सरकार को तो  जनसंख्या बढ़ने का पता ही नहीं है | पता भी कैसे चलेगा ? नेता तो फर्स्ट क्लास में सफर करते है जबकि रेल के जनरल डिब्बे में ही पता लगता है कि भारत में जनसंख्या विस्फोट हो चुका है |
…......और जरा सीट पर बैठे हुए लोगों को देखो खड़े हुए लोगो को ऐसे देख रहे है, मानो उन्होंने देश के प्रधानमंत्री की सीट पा ली हो | उनके चेहरे पर विजयी मुस्कान ऐसे थिरक रही थी मानो खड़े हुए लोगों की दुर्दशा का मजाक बना रहे हों |
खैर हमने जैसे एक तैसे आराम से खड़े होने लायक जगह तो पा ही ली थी | तभी एक महिला ने एक बैठे हुए पुरुष से कहा “ भैया हमें बैठने दो’ तो वो तुरंत बोला “क्यों... पुरुषों से बराबरी मांगती हो,तो खड़ी रहो, पुरुषों के साथ कंधा मिलाकर | ये सीट महिलाओ के लिए रिजर्व नहीं है | इस पर तो हमारा हक है |” वो बेचारी अपना सा मुँह लेकर चुपचाप रह गयी और पुरुष यात्री जोर जोर से हँसने लगे | अब उन्हें एक टॉपिक मिल गया था, बात करने का “महिलाओं का आरक्षण” |
कुछ मनचले पुरुष, इस भीड़ का फायदा उठा कर, महिलाओं से स्पर्श का सुख     उठाने कि कोशिश कर रहे थे | जब हमने विरोध करना चाहा तो इसका जबाब वही मिला, जिसकी हम उम्मीद कर रहे थे यानि..... “ इतनी सती सावित्री बन रही हो तो अकेले इस जनरल डिब्बे में सफर क्यों कर रही हो ? मैडम जी...,रिजर्वेशन करवा कर जाती और जोर जोर से हँसने लगे | हम भी मुँह की खाकर एक कोने में सिमट गए |
अभी थोडा वक्त ही बीता था कि चाय गर्म चाय,समोसे गर्म समोसे की आवाज आई और हटो रास्ता दो.....की  आवाज के साथ बेचने वाले, हमें अकड कर धकेलते हुए निकलने लगे.. मानो, ये रेल उन्होंने खरीद रखी हो | आखिर करे भी क्यों ना ? उनका तो रोज का काम जो है | हम फिर से सिमट कर कोने में जगह बनाने लगे | हम ठीक से खड़े भी नहीं हो पाए थे कि कुछ छक्के ताली बजा कर पैसे मांगते हुए आ गए | हमने कहा, “हम ठीक से खड़े तो हो नहीं पा रहे पर्स कैसे खोले ?”
और ये क्या ? उन्होंने तो हमारे लिए जगह बनाना कर शुरू दिया “हटो हटो थोडा खिसको दीदी को खड़े  होने दो | हम खुश होते हुए, जैसे ही  संभल कर खड़े हुए,उसने हमारे सामने हाथ पसार दिया, अब तो हमारे पास कोई बहाना ही नहीं था, उसे पैसे ना देने का, हमने दस का नोट निकाला और चुपचाप दे दिया | उससे कम में तो वो मान भी नहीं रहे थे | इसी तरह कभी भीख मांगने वाले ,कभी बेचने वाले आते रहे और हम सिकुड़ते रहे| खड़े खड़े हमारी टांगे जबाब दे रही थी | हम भगवान से दुआ कर रहे थे कि जल्दी से हमारा स्टेशन यानि मथुरा आ जाए |
तमाम धक्का मुक्की और खींचा-तानी के बाबजूद जैसे तैसे २ घंटे बीत गए | अब हमारा स्टेशन आने वाला था | हमने दरवाजे कि ओर बढ़ना चाहा लेकिन हमारी मुसीबत यही खत्म नहीं हुई | दरवाजे पर बहुत से लोग बैठे हुए थे | जिन्हें उतरना था वो उन पर चिल्ला रहे थे , ‘हटो यहाँ से हमें उतरना है’अभी उनकी बहस चल ही रही थी कि स्टेशन आ गया | ......अरे बाप रे स्टेशन पर भी इतनी भीड़,....हे भगवान हम कैसे उतरेंगे ? हमें  डर लग रहा था .....और रेल के रुकते ही, चढने और उतरने वालों की धक्का मुक्की शुरू हो गयी | हमने भी शोर मचाना शुरू किया ‘भैया हमें उतर जाने दो | हम कुछ मेहनत करते इतने में ही पीछे वाले यात्रियों ने ऐसा धक्का दिया कि हम अपने बैग सहित प्लेटफार्म पर आ गिरे | हमारी हथेली ओर घुटने छिल गए थे, हमारी आँखों में आंसू आ गए थे | लेकिन हम हिम्मत करके अपने कपड़े झाड़ते हुए उठे ,पैरों में दर्द की टीस सी उठी | पर यहाँ तो सभी भागमभाग में थे ,हमारी मदद कौन करता ? इस सबके बीच खुशी इस बात कि थी कि हम अपनी मंजिल तक पहुंच गए थे |
धन्य हो भारतीय रेल जिसने हमारी अक्ल ठिकाने लगा दी | हमने मन ही  मन सोचा कि अब कभी इस तरह की बहादुरी नहीं दिखाएंगे कान पकड़ते हैं |
खुद को घसीटते हुए हम जैसे तैसे प्लेटफार्म के बाहर आये और आवाज लगाई
रिक्शा ......................|


Saturday, September 19, 2015

भाषाई राजनीति

जो इंसान रोटी कमाने के लिए अपना गांव,शहर या देश छोड़ कर निकलता है वो दिमागी रूप से तैयार होता है ,कोई भी भाष ,बोली, खानपान या संस्कार सीखने के लिए अब वो भाषा चाहे मराठी ,पंजाबी हो या जर्मन इससे फर्क नहीं पड़ता | पर यदि इस देश के सभी नेताओं के लिए नियम बना दिया जाए कि वो हिंदी में ही बोलेंगे ..तब .......आखिर को तो आप हिन्दुस्तान में ही रहते हैं ना ?

Monday, September 7, 2015

द्रोपदी उदास क्यों है ?

द्रोपदी आज बहुत उदास हो कृष्ण को पुकार रही थी “ दर्शन दो भगवान आज मेरी अँखियाँ प्यासी रे “भगवान प्रकट हुए और पूछा ‘हे द्रौपदी तुमने आज इतने वर्षो बाद मुझे कैसे पुकारा? अब तो दुसाशन भी सन्यास ले चुका है फिर क्या हुआ जो तुम इतनी उदास हो ? भगवन दुशाशन ने तो मेरा चीर खींचा था और बेइज्जती की कोशिश की थी पर सही वक्त पर आकर आपने बचा लिया, मैंने तो माँ कुंती के कहने पर पांच पतियों का वरण किया पर किसी को धोखा नहीं दिया विश्वासघात नहीं किया और ना ही किसी संतान की हत्या नहीं की | फिर भी आज पृथ्वी लोक पर लोग मेरा नाम हर उस चरित्रहीन और पतित महिला के साथ जोड़ा जाता है, जो अपने पति की आँखों में धूल झोंक कर कई पुरुषो के साथ सम्बन्ध बना रही है | अपनी ही संतान को मौत दे रही है | हे माधव.. ये सब देख सुनकर मेरी आत्मा को कष्ट हो रहा है द्रोपदी रो पड़ी |कृष्ण बोले “हे द्रौपदी उदास ना हो तुम्हारी गिनती हमेशा से पतिव्रता नारी के रूप में होती आई है और पृथ्वी लोक के वासियों की बातों पर उदास होकर तुमने मुझे पुकारा पर ये बताओ मैं किसे पुकारू ? क्या मतलब ?द्रोपदी चौंकी !
पांचाली पृथ्वी लोक के निवासी तरक्की कर रहे हैं और फेसबुक, वाट्स एप की दुनिया में विचरण करते करते सही गलत को भुला चुके हैं | तुम अपनी बात कर रही हो,स्त्रियों की इज्जत करना तो इन्होने सीखा ही नहीं |
पर मुझे तो दुनिया पूजती है, भगवान मानती है इन लोगों ने तो मुझे भी डान बना डाला ,चरित्रहीन और हत्यारे की उपमा दे डाली | मैं क्या कहूँ तुम्ही
बताओ?
द्रोपदी तब से सुन्न है |

Tuesday, August 18, 2015

गरीब पर एक गंभीर चर्चा

                    
                  
                         

विश्वास मानिये जितना हमारा देश बड़ा है | हमारे देशवाशियों का दिल उससे  बहुत बड़ा है | उस बड़े दिल में गरीबों की चिंता भरी पड़ी है |हर वक्त सिर्फ गरीब चिंता | करे भी क्यों नहीं ? एक गरीब ही तो है जो फ्री में उपलब्ध है |
उसकी चिंता करना मज़बूरी है इसलिए इस देश की संसद से सड़क तक सभी गरीब चर्चा में मशगूल हैं |
हमारे यहाँ गरीब इतना इजिली अवेलेवल है, इसलिए हमारे देश में गरीबों की कद्र भी बहुत है | हमारे यहाँ का तो सबसे होट टोपिक भी यही है चूँकि वो बेचारा रस्ते पर है इसलिए सबसे सस्ता वही है “रस्ते का माल सस्ते मैं” | औरते किट्टी में जाएँगी तो अपने पति से ज्यादा अपनी कामवाली और ड्राइवर की बातें करेंगी | लोग २ -२ रुपये के लिए रिक्शेवाले से लड़ेंगे, पचास पैसे के लिए धोबी से बह्सेंगे और तो और हमारे देश की सरकार का चलना और गिरना भी गरीब पर निर्भर है |
गरीब तो हमारे देश का मोस्ट डिजायरेबल पर्सन है यानि अतिवांछित अरे भई गरीब नहीं होगा तो हिकारत से किसे देखेंगे | रईसों को गाड़ी के नीचे कुचलने के लिए गरीब चाहिये |ग रीब नहीं होगा तो हमारे नेता किसकी झुग्गी में रात बिताएंगे चुनावों के वक्त फ्री की शराब किसे पिलायेंगे | फ्री लैपटॉप और टीवी किसे देंगे | उसके हिस्से का खाना चट करना उनका दायित्व होगा | गरीब भूखा ना रहे तो गरीब कैसा ?
गरीबी हटाओ का नारा लगाते लगाते गरीबों को ही हटा डालेंगे | और तो और गरीब बेचारे के तो खाने पर भी बहस कि वो कितने रुपये में खायेगा | कितने रुपये रोज खर्च करने वाला गरीब है |
दूसरी तरफ बेचारा गरीब इन सब बहसों और राजनीति से अनजान हाड़ तोड़ मेहनत करके  अपने लिए दो वक्त की रोटी के जुगाड़ में लगा है और ये लोग वातानुकूलित कमरे में छप्पन भोग खाते हुए और पन्द्रह रुपये की पानी की बोतल डकारते हुए गरीब के लिए पांच रुपये और बारह रुपये में थाली का सपना दिखा रहे हैं |
अजी ये तो कुछ भी नहीं हमारे देश में तो लक्ष्मी जी को भी चेलेंज किया जा रहा है यानि इस देश में सिर्फ खास  जाती वाले ही गरीब हो सकते हैं और किसी को गरीब होने का कोई अधिकार नहीं |
गरीब ऐसा प्राणी है जिस पर जब मर्जी आप भड़ास निकालें जब मर्जी उस पर बहस करें | कभी उसे भूखा मारें कभी उसके बच्चों को खिलाकर मार दें वो बेचारा कुछ नहीं कहेगा क्योंकि वो गरीब है | कभी आप खुद कोई बड़ा कारनामा करें और बदले में अपने गरीब नौकर को फंसा दें कभी उसकी गरीबी पर संसद में या टीवी पर बहस करें आप आजाद हैं |
हम आम आदमी और खास आदमी की बात करते हैं पर गरीब सिर्फ गरीब होता है और उसे पता होता है कि गरीबी के साथ कैसे जिया जाता है और वो बेचारा अपना पूरा जीवन ये सीखने में लगा देता है कि गरीबी के वावजूद मरने से कैसे बचा जा सकता है | इधर नेता पांच रुपये में उसका पेट भरने की बात कर रहे हैं उधर वो पट्ठा तो आधी रोटी में पेट कैसे भरा जाये या बिना खाए दो तीन दिन कैसे जिन्दा रहा जाये ये सीख रहा है |
वो बीमार पड़ता है तो सरकारी अस्पताल वाले भी दुत्कार देते हैं | जब आप और हम हीटर चला कर गर्म रजाई लेकर भी ठंड ठंड चिल्ला रहे होते तब वो पट्ठा आधे कपड़ों में कांप कांप कर ही अपना बदन गर्म कर रहा होता है |
गर्मी की चिलचिलाती धूप में भी लाल बत्ती पर भीख मांग रहा होता है या कुछ बेचता है पर कभी शिकायत नहीं करता | कभी अमीरों के रास्ते में नहीं आता फिर भी हम क्यों उसके पीछे पड़े रहते हैं | गरीब के लिए कुछ नहीं कर सकते पर बहस तो कर ही सकते हैं लोगों को दिखाने की कोशिश में लगे रहते हैं कि भई देखो हम गरीब के कितने बड़े शुभ चिन्तक हैं | हमारी सोच और गन्दी राजनीति की वजह से गरीबों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है | आज हम बहस इसलिए कर पा रहे हैं क्योंकि गरीब चुप है | यदि प्याज महंगी हो जाये तो हम शोर मचा डालते हैं फेसबुक और ट्विटर पर आ जाते है, सडको पर आ जाते हैं वाह हम प्याज के बिना नहीं रह सकते वो बेचारा रोटी के बिना रहता है और चुप है | उस की भूख की हमें भी चिंता नहीं इसलिए हम भी चुप हैं |
किसी ने सोचा है कि सारे गरीब एक हो गये या गरीब ने चुप्पी तोड़ दी तो क्या होगा ?आपका तो पता नहीं पर मुझे उस दिन का बेसव्री से इंतजार है 








सावधान ! शिकारी मर्द शिकार पर है |





क्या आप सबने कभी सुना है कि मर्दों की कई प्रजातियां होती है, वैसे होती तो औरतों की भी हैं लेकिन फ़िलहाल हम बात करेंगे मर्दों की प्रजातियों के बारे में |  अब आप कहेंगे ‘मर्द और औरत की क्या प्रजाति ? मर्द तो मर्द होता है और औरत औरत’........ जी नहीं जनाब आप गलत है |
वैसे तो अनेक प्रजातियां होती हैं जैसे सीधे मर्द ,होशियार मर्द ,गुलाम मर्द (चाहे जोरू के हों या माँ के ) मरदाना मर्द ,जनाना मर्द और शिकारी मर्द |
शिकारी मर्द ? जी हां शिकारी मर्द, इन्हें सिर्फ महिलाएं ही पहचान सकती है, लेकिन इन्हें पहचानने के लिए मेरी बहनों का चौकन्ना रहना बहुत जरुरी है |
अब आप कहेंगे कि ये दिखते कैसे हैं ?
तो जनाब ये हर रूप, हर उम्र के होते हैं,कुछ दिखने में हीरो टाइप,तो कुछ साधारण होते हैं और कुछ तो बहुत नमूने टाइप दिखते है और होते भी हैं |
ये कहाँ पाए जाते हैं ?
हर क्षेत्र में इनका दखल होता है, कभी सरकारी दफ्तर में अफसर,कभी क्लर्क,कोई बड़ा नेता, किसी कम्पनी का मालिक या कोई कवि, ये किसी भी रूप में मिल सकते हैं | ये आपको बस में, ट्रेन में, हवाई अड्डे पर ऑफिस में कही भी मिल सकते हैं |
ये बड़े ही बातूनी किस्म के होते हैं और बातें तो इतनी मीठी करते हैं कि बेचारी जलेबी भी शरमा जाये | किसी भी समारोह में ये महिलाओं के इर्द गिर्द पाए जाते हैं |
ये बड़ी ही शिकारी प्रवृति के होते हैं | घर की मुर्गी तो घर में है ही, यदि किसी ताज़ी मुर्गी का शिकार हो जाये तो क्या कहने ! उसके लिए ये सतत प्रयत्नशील रहते हैं |
इनके पास अदृश्य जाल होता है जो मीठी मीठी बातों से बुना जाता है जैसे,......... आप तो बहुत सुन्दर दिख रही है ........... अरे ! आप को देख कर तो लगता ही नहीं कि आपके बच्चे भी है , आपकी मुस्कान बहुत प्यारी है ,ये कलर आपको बहुत सूट कर रहा है या चलिए आपको घर छोड दूं, मुझे उस तरफ ही काम है इत्यादि
उस अदृश्य जाल में लालच का दाना डाला जाता है जैसे :- में आपको बड़ी हिरोइन बना सकता हूँ ..............., में आपको नौकरी दिलवा सकता हूँ ,............. ,में आपको पुरुस्कार दिलवा सकता हूँ .................... ,(चाहे खुद को मिला हो या नहीं ) आपकी प्रमोशन करवा सकता हूँ इत्यादि |
कोई महिला यदि जरा सी चूकी या लालच में फंसी तो समझो ...........गयी मुर्गी जान से |
ये महिलाओं की मदद के लिए सदैव तत्पर रहते हैं, चाहे घर का कोई कार्य करे या नहीं | यदि किसी महिला ने जरा सा भाव दे दिया तो ............उसको कही भी लाने ले जाने से लेकर, उसके घर का सामान लाने तक बड़ी ही मुस्तैदी से जुटे रहेंगे | जब तक कि शिकार पूरी तरह फंस ना जाये |
जैसे शेर अपने शिकार के लिए घात लगाता है, उसी तरह ये हर समारोह में घात लगाये बैठे रहते है | इन्हें तो हर महिला “हिरन का छौना नजर आती है” जैसे ही कोई नया छौना दिखता है, इनकी लार टपकने लगती है और ये तुरंत हमला कर देते हैं | एक बात और शेर तो बेचारा बूढा होकर कमजोर हो जाता है, लेकिन उम्र बढने के साथ साथ ये और एक्टिव हो जाते हैं और शिकार की कला में पारंगत |  ये अपनी उम्र और ओहदे का फायदा उठाने में कभी नहीं चूकते,जैसे किसी पार्क में घूमने गए... तो सुन्दर कन्याओ को देखकर कहेंगे, “बेटा मुझे सांस लेने में तकलीफ हो रही है, मेरा घर पास ही है, जरा ले चलोगी” | मेरी  जान पहचान के एक बुजुर्ग, हर दिन किसी नई कन्या के कंधे पर हाथ रखकर घर आते और जाते वक्त उस कन्या को धन्यवाद के बहाने चूमना कभी नहीं भूलते थे | यदि किसी समारोह में ऐसे शिकारी मिल जायें, तो ज्यादा सावधान और चौकन्ना रहना पड़ता है क्योंकि इनके हाथ कंधे से कमर तक बड़ी आसानी से पहुँच जाते हैं |
शिकारी मर्दों की एक खासियत और होती है, जो इन्हें अन्य पुरुषों से भिन्न बनाती है वो ये कि ये समदर्शी होते हैं, इन्हे हर महिला खूबसूरत ही दिखती है, वो चाहे रूप रंग या कद काठी में कैसी भी हो, इनका तारीफ करने का तरीका एक जैसा ही रहता है | ये इतने पहुंचे हुए होते हैं कि ..........श्याम वर्ण की उपमा पूनम के चाँद से करने में भी नहीं शर्माते और ....................यदि महिला सचमुच खूबसूरत हुई तो समझो लार टपक कर घुटनों तक पहुच जायेगी | फिर तो ये अपनी पूरी शक्ति लगा देंगे, उस महिला के बारे में जानने के लिए | अपने सारे हथकंडे अपनाएंगे कि वो शिकार जाल में फंस ही जाये और यदि  उस महिला का फोन नंबर प्राप्त हो गया तब तो समझो .................इनकी पौ बारह |
वैसे तो इन लोगों की शिकार अति महत्वकांक्षी और जल्द से जल्द सपने पूरे करने की चाह रखने वाली महिलाये ही ज्यादा बनती हैं | लेकिन ये अपना जाल तो सब पर ही डालते हैं, फंस गयी तो ठीक नहीं तो ............................और भी हैं ज़माने में तुम्हारे सिवा”
तो अब तो आप सब समझ ही गए होंगे मर्दों की इस प्रजाति के बारे में | अब सावधान हो जाइये ! इनकी टपकती हुई लारों से, इनके आँखों में छिपे काइयांपन से, इनके शब्दों में घुली सेकरिन से और इनकी जुबान में खिली सपनों की फसल काटने से, वरना ये मर्द तैयार बैठे है एक और शिवानी ,गीतिका ,मधुमिता ,भंवरी देवी बनाने के लिए |
होशियार ! खबरदार ! महिलारूपी हिरनियो  शिकारी शिकार पर निकल रहा है |




अर्चना चतुर्वेदी