Monday, September 7, 2015

द्रोपदी उदास क्यों है ?

द्रोपदी आज बहुत उदास हो कृष्ण को पुकार रही थी “ दर्शन दो भगवान आज मेरी अँखियाँ प्यासी रे “भगवान प्रकट हुए और पूछा ‘हे द्रौपदी तुमने आज इतने वर्षो बाद मुझे कैसे पुकारा? अब तो दुसाशन भी सन्यास ले चुका है फिर क्या हुआ जो तुम इतनी उदास हो ? भगवन दुशाशन ने तो मेरा चीर खींचा था और बेइज्जती की कोशिश की थी पर सही वक्त पर आकर आपने बचा लिया, मैंने तो माँ कुंती के कहने पर पांच पतियों का वरण किया पर किसी को धोखा नहीं दिया विश्वासघात नहीं किया और ना ही किसी संतान की हत्या नहीं की | फिर भी आज पृथ्वी लोक पर लोग मेरा नाम हर उस चरित्रहीन और पतित महिला के साथ जोड़ा जाता है, जो अपने पति की आँखों में धूल झोंक कर कई पुरुषो के साथ सम्बन्ध बना रही है | अपनी ही संतान को मौत दे रही है | हे माधव.. ये सब देख सुनकर मेरी आत्मा को कष्ट हो रहा है द्रोपदी रो पड़ी |कृष्ण बोले “हे द्रौपदी उदास ना हो तुम्हारी गिनती हमेशा से पतिव्रता नारी के रूप में होती आई है और पृथ्वी लोक के वासियों की बातों पर उदास होकर तुमने मुझे पुकारा पर ये बताओ मैं किसे पुकारू ? क्या मतलब ?द्रोपदी चौंकी !
पांचाली पृथ्वी लोक के निवासी तरक्की कर रहे हैं और फेसबुक, वाट्स एप की दुनिया में विचरण करते करते सही गलत को भुला चुके हैं | तुम अपनी बात कर रही हो,स्त्रियों की इज्जत करना तो इन्होने सीखा ही नहीं |
पर मुझे तो दुनिया पूजती है, भगवान मानती है इन लोगों ने तो मुझे भी डान बना डाला ,चरित्रहीन और हत्यारे की उपमा दे डाली | मैं क्या कहूँ तुम्ही
बताओ?
द्रोपदी तब से सुन्न है |

No comments:

Post a Comment