Monday, December 14, 2015

नई दुनिया में


Tuesday, October 27, 2015

गृहलक्ष्मी का वाहन



पतिदेव ने जैसे ही घर में कदम रखा पत्नी जी ने मुस्कुराते हुए स्वागत किया, हाथ से बैग लेकर इठलाती हुई बोली आप हाथ मुहं धोकर आइये, आपके मनपसंद गोभी के पकौड़े बनाये हैं | पिछले कुछ दिन से प्यार भरे स्वागत से खुद को धन्य समझते हुए उल्लासित पतिदेव बाथरूम की और चल दिये | जहाँ हर वक्त बार्डर जैसा माहौल रहता था.... कब दूसरी और से गोलीबारी शुरू हो जाये पता नहीं लगता था, वहां युद्ध शांति जैसा माहौल देख पतिदेव के पांव जमीं पर नहीं पड़ रहे थे, घर का मुखिया क्या होता है आजकल ही पता लग रहा था | ऑफिस में मित्रों के बीच बात छिड़ी तो पता लगा सबके घर लगभग यही माहौल है | कारण पर कौन माथापच्ची करे ,पत्नी जी की लटके झटकों के सामने वैसे भी किसका दिमाग चला है, इनके आगे तो देवताओं ने घुटने टेक दिए तो इंसान क्या चीज है | इधर पत्नी जी भी अत्यंत प्रशन्न हैं क्यों ना हों अपने मिशन के करीब जो हैं | आखिरकार अपने तरकश के सबसे तेज़ तीरों का वार  कर करके पति की जेब और दिल दोनों के द्वार इतने खोलने हैं कि पति खुद उनकी मनपसंद ड्रेस और ज्वेलरी दिला डालेंगे | पत्नी जी  एकता कपूर की खलनायिका स्टाइल में मन ही मन बातें कर रही हैं “ये मर्द भी ना खुद को कितना समझदार समझते हैं और हम औरतों को कमअक्ल, और बेवकूफ समझते हैं,हमें तो भगवान ना समझ पाए तुम क्या समझोगे  | अब हम ठहरी गृहलक्ष्मी और भगवान ने लक्ष्मीजी का वाहन उल्लू को नियुक्त किया है सो बच्चू ...........तुम लोग इस ग़लतफ़हमी से बाहर आ जाओ |

 शादी से लेकर आज तक तुम ही उल्लू बनते आये हो, आगे भी बनते रहोगे, अब जैसे तुम लोग अपने वाहन यानी कार की पालिसी रिन्यू करते हो | उसी तरह हमें भी हर करवा चौथ अपने वाहन ( उल्लू )  पालिसी को  रिन्यू जो कराना होता है  | पतियों को लगता है बेचारी भूखे प्यासे रहकर हमारी लम्बी उम्र के लिए दुआ मांग रही है, साल में एक दिन इनके पैर छू दो तो खुद को देवता समझने लगते है | ये जो इतने प्रफुल्ल हुए घूम रहे हैं,जो पत्नी मांग रही है ख़ुशी खुशी दिला रहे हैं | इन बेचारों को क्या पता कि ये तो हमारे उस मिशन का हिस्सा है, जिसमें हमें खुद को अपनी सारी सहेलियों से ज्यादा सुन्दर और बुद्धिमान साबित करना है , पति से सबसे अच्छी साड़ी और गिफ्ट झटककर | ये बात और है कि इस मिशन के लिए हमें बहुत मेहनत करनी पड़ती है | बताओ कहाँ हम आठ बजे से पहले नहीं उठते, पति के हाथ की बेड टी पीकर ही आँखे खुलती हैं और आजकल हम सुबह जल्दी उठकर पतिसेवा में लग जाते हैं कम से कम एक महीने पहले से युद्धविराम करना पड़ता है सो अलग  और करवा चौथ के दिन इतना कठिन व्रत रखते हैं कि सुबह चार बजे ही नहा धोकर खीर,फल आदि सरगी के रूप में ठूंस लेते हैं फिर सोलह  श्रृंगार कर २ बजे तक बायना निकाल कर फलों का जूस और चाय पानी पी लेते हैं और इतरा इतरा कर अपनी साड़ी और हीरे की अंगूठी पडौसनों को दिखा कर जलाना भी नहीं भूलते | बाद में एक आध सेब केला ले लेंगे बस | रात को चाँद की पूजा करके पति का मुखड़ा चलनी में देख उनकी आरती उतार कर मिशन का आखिरी स्टेप होगा | अब इतना कठिन व्रत रखकर खाना कैसे बनाएगी बेचारी पत्नी, सो किसी अच्छे से होटल में बढ़िया खाने से पेटपूजा अर्थात व्रत खुलेगा |  पत्नी जी (उल्लू बनाओ) मिशन कम्प्लीट होने पर आराम करेंगी  .....अरे भाई कल से फिर युद्धविराम ख़त्म जो करना है ...

Monday, October 26, 2015

अपने देश में रंगभेद



हमारे देश में हिन्दू मुस्लिम सम्बन्धो को या दलितों के साथ होती घटनाओं को ही हाईलाईट किया जाता है जबकि ऐसी बहुत सी बातें वर्षो से हो रही हैं, जिनका कोई विरोध नहीं होता| राज ठाकरे का उत्तर भारती यों के प्रति रवैया शायद दिखता नहीं | दक्षिण भारत में रंग भेद शायद अमेरिका से भी ज्यादा है ,यदि यहाँ से कोई जाता है है तो उनका रवैया बहुत ही गन्दा और अजीब होता है..हमारे एक पडौसी हाल ही में चेन्नई शिफ्ट हुए हैं..भैया का बचपन वहां बीता है सो वो वहां की भाषा अच्छी तरह बोल और समझ लेते हैं...उन्होंने बताया कि वहां गोरी चमड़ी वालों (उत्तर भारतीयों) को ना सिर्फ हेय दृष्टि से देखा जाता है बल्कि उनके साथ अछूतों जैसा व्यवहार भी किया जाता है यहाँ तक कि सामान के रेट भी डबल बसूले जाते हैं | एक दूसरी घटना मेरे बेटे के साथ ...मेरा बेटा 3D एनिमेटर और वी एफ एक्स आर्टिस्ट है उसने साउथ के बहुत प्रसिद्ध स्टूडियो में अपना बायोडाटा भेजा और वहां से ऐसा जबाब आया जिसकी उम्मीद भी नहीं थी ..उन्हें मेरे बेटे का अनुभव और ज्ञान तो अच्छा लगा पर "आप गोरे हैं हम आपको अपने यहाँ नौकरी नहीं दे सकते " ये था उनका जबाब | अब आप लोग क्या कहेंगे क्या उत्तर भारत में कहीं भी किसी के साथ ये बर्ताब हम करते हैं ?




Wednesday, September 30, 2015

डर या दिखाबे के लिए नहीं श्रद्धा से करें श्राद्ध


पितृ पक्ष अर्थात अपने पूर्वजों को याद करने के दिन जो कि शुरू हो चुके हैं | आजकल सबसे पूजनीय प्राणी ब्राह्मण होता है ,जिसे पूरे साल कोई नहीं पूछता | पर पितृ पक्ष में लोगों में कम्पटीशन होता है  एक कहता है, "मैंने तो अपने पिता के श्राद्ध पर पांच ब्राह्मनो को खाना खिलाया " दूसरा कहेगा बस "मैंने तो अपनी माताजी के श्राद्ध पर ग्यारह ब्राह्मणों को खिलाया" चाहे जीतेजी अपने माता पिता या सास ससुर को दाल रोटी भी परोस कर नहीं खिलाई होगी पर मरने के बाद ब्राह्मणों को मनुहार कर करके खीर, पूरी, कचौड़ी खिलाएंगे | बेचारा ब्राह्मण खा खा कर बेजार है दो जगह का न्योता और है पर क्या करे ? लोग डर और दिखाबे में पड़े हैं यदि श्राद्ध नहीं किया तो पितृ नाराज ना हो जाएँ और लोग क्या कहेंगे बताओ फलाना अपने माता पिता का श्राद्ध तक नहीं करता | बंधू सिर्फ गिनकर ब्राह्मण खिलाने भर से पितृ प्रसन्न होंगे ऐसी सोच छोड़ कर किसी गरीब और भूखे को भोजन करा दो किसी जरुरत मंद की मदद कर दो | अपने पिता की तस्वीर पर माला चढ़ा कर कम से कम दो मिनट को तो उन्हें सच्चे मन याद कर लो | माँ के जाने के बाद अकेलेपन की मार झेलते पिता को कुछ वक्त दे दो  या पिता के जाने पर विधवा माँ अकेली रो रही है उसी की सेवा जीते जी कर लो तो शायद आपके पिता की आत्मा को शांति मिले | "जिए बात न पूछ्या,मरे पे छाती कूटना " छोड़ अपने बड़ों का जीते जी सम्मान करें |

Monday, September 28, 2015

सपना रामराज्य का



हमारे देश को लोग अत्यंत आशावादी किस्म के हैं और याददास्त तो इतनी कमाल है कि किसी नई घटना के होते ही पुरानी घटना को ऐसे भुला देते हैं, मानो कुछ हुआ ही ना हो | ये वो लोग हैं जो प्याज और पेट्रोल के दाम बढ़ने पर सत्यम और व्यापम जैसे घोटालों को मिनटों में भुला देते हैं |
इस देश के लोग हर छोटी बड़ी बातों ऐसे खुश होते हैं, मानो आज सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया उसका कल से ही पालन हो जाएगा | बात पचाना और खुशी छुपाना इनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं | यदि कोई इनसे ये कहे कि बात किसी को मत बताना तो इनके पेट में मरोड़ शुरू हो जाती है ,जहाँ पहले इनकी बातें सिर्फ पडौसियों तक सीमित थी आज हर बात ट्विटर और फेसबुक पर उड़ेलकर हल्केपन का एहसास महसूस करते हैं और तुर्रा ये कि बताई कहाँ ? ये तो पोस्ट है | और आजकल एक और नया फैशन चला है, हमारे यहाँ के लोग बाग़ आजकल हर शिकायत लेकर सुप्रीम कोर्ट के पास ऐसे जाते हैं जैसे बच्चा पिटकर माँ के पास जाता है “मम्मी देख लो पप्पू ने मारा” और माँ तुरंत पप्पू को बोलेगी “खबरदार जो बंटी को हाथ लगाया” ये और बात है कि पप्पू गर्दन हिलायेगा माँ का आदेश मानेगा और हाथ के बजाय लात से बंटी को मारेगा |
लोगों का इतना प्रेम देख सुप्रीम कोर्ट भी सपनों की दुनिया में विचरण करने लगा है, और सुप्रीम कोर्ट का नया आदेश आज घोर कलियुग के काल में रामराज्य स्थापित करने के सपनों की शुरूआत के लिए पहला कदम है | रामराज्य में बकरी और शेर एक ही नदी पर पानी पीते थे | ऐसे ही अफसरों के बच्चे और गरीबी रेखा के नीचे का जीवन जीने वालों के बच्चे एक ही स्कूल में पढेंगे तो रामराज्य ही तो वापिस आएगा | हम लोगों को हर बात पर विश्वास करने की और खुश होने की आदत जो है अब वो चाहे नेताजी के झूठे वादे हों या सुप्रीम कोर्ट का कोई आदेश |
अब भाई राजा महाराजा तो रहे नहीं पर हमारे देश के सरकारी अफसर किसी राज्य के राजा से कतई कम नहीं | ये बात और है सरकारी अस्पताल और सरकारी स्कूल भले ही राजसी अहसास ना कराते हो और राजा महाराजा उधर जाना भी अपनी तौहीन समझते हों, पर गरीब प्रजा के पास तो वहां जाने के अलावा कोई चारा नहीं | ऐसे में यदि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार राजकुमार और राजकुमारी उन स्कूलों के आसपास भी गए तो .......उम्मीद की नई किरण फूटेगी जरुर, ऐसा यहाँ की जनता को लगता है ,जो अपनी कमजोर याददास्त की वजह से कुछ साल पहले के एक आदेश को भूल गए, जो मखमल में टाट के पैबंद लगाने के बराबर था | यानी इकोनोमिक वीकर सेक्शन के बच्चो को पब्लिक स्कूल में पढ़ाने का आदेश | अब मखमल में पैबंद तो ना लगा, हां बैठने के लिए टाट की अलग से व्यवस्था जरुर कर दी गयी | आज उन्ही टाटो पर ,कोमल,मुलायम मखमल सरीखे अफसरी बच्चो को बिठाने के सपने देखे और दिखाए जा रहें हैं,ये वो बच्चे हैं जो एसी और गाडी के बिना जीवन होता है ये भी नहीं जानते,
पिज्जा और बर्गर के बिना किसी का जिन्दा रहना इनके लिए किसी आश्चर्य से कम नहीं | ऐसे बच्चे उन स्कूलों में पढेंगे, जहाँ जाकर गरीब को भी अपनी गरीबी दुखी करने लगती है | ये दिवास्वप्न या सतयुगी कल्पना नहीं तो क्या है | सुप्रीम कोर्ट के आदेश के सच होने की कल्पनामात्र से देश की जनता की खुशी के मारे नींदे उड़ी हुई हैं, बिना ये सोचे की सरकारी अफसर की मोटी खाल ऐसे आदेशों से बेअसर है, सो वो अब भी चैन से सो रहा है |

Sunday, September 20, 2015

अकेली औरत का सफरनामा

अजी रेल यात्रा तो सभी ने की होगी चाहे छोटी या बड़ी, पर ऐसी रेल यात्रा करने का सौभाग्य तो किस्मत वालों को ही मिलता है |
बात कुछ ऐसे शुरू हुई कि हमें अपने मायके मथुरा जाना था और पतिदेव के पास वक्त नहीं था |  रोज रोज के बहाने सुनकर हमारा पारा चढ गया, हमने भी कह दिया, “आप अपने बच्चों को संभालिए, हम अकेले ही चले जाएँगे | दिल्ली से मथुरा है ही कितनी दूर |” पतिदेव ने बहुत समझाया कि ‘भागवान एक दो दिन रुक जाओ | पर हम कहाँ सुनने वाले सनकी जो ठहरे वैसे भी कहावत प्रसिद्ध है | “स्त्री हठ ,राज हठ ,बाल हठ | बात स्त्री हठ की थी, अड. गए तो अड. गये |
खैर कार्यक्रम बना कि हम सुबह सात बजे वाली गाड़ी से जायेंगे और पति देव स्टेशन छोड देंगे | गुस्से मैं कह तो दिया था, लेकिन सारी रात नींद नहीं आई| पहली बार अकेले जा रहे थे |  सुबह जल्दी से तैयार हो गए और स्टेशन के लिए रवाना हुए | हम तो कल्पना कर रहे थे...... कि एक घंटे पहले आये है, आराम से टिकट मिल जाएगी | लेकिन ये क्या ... टिकट खिडकी का जो हाल था, उसे देखकर तो हमारे होश उड़ गए.....| कुल छ खिडकी,उसमें से सिर्फ एक महिलाओं की और वो भी बंद |
सारी खिड़कियों पर बर्र के छत्ते जैसी भीड़, और आखिरी खिडकी पर महिलाएं पुरुषों  से कंधे से कंधा मिलाये बराबरी दर्शा रहीं थी | हमने कातर दृष्टि पहले भीड़ की तरफ डाली, फिर अपने पतिदेव पर इस उम्मीद मैं डाली कि वो कहें......रहने दो जानेमन, मत जाओ,वापिस चलो,इस भीड़ मैं तुम परेशान हो जाओगी | लेकिन पतिदेव ने हमें ऐसे देखा... मानो चुनौती दे रहे हों.. “और करो जिद ....अकेले जाने की..... ,अब भुगतो |” हमने भी सोचा ‘जब ऊखल मैं सर दे ही दिया है तो ,मूसली से क्या घबराना” भगवान का नाम लिया और लग गए लाइन मैं | पतिदेव जाकर एक तरफ खड़े हो गए | अब तो हमारी इज्जत का सवाल था |
पर ये क्या ? १५ मिनट बीतने पर भी लाइन टस से मस नहीं हुई | हमने अपने पीछे लगी महिला से कहा, ‘बहनजी हम देख कर आते है, माजरा क्या है? आप हमारी जगह रोकना | हमने जाकर देखा तो बड़ा गुस्सा आया, एक साथ चार चार आदमी खिडकी में हाथ फंसा रहे थे और कोई महिला कोशिश करती तो कोहनी मार देते |
वो बेचारी चुपचाप हट जाती | हम गुस्से में मर्दों से बोले, ‘क्यों भाई सिर्फ आप लोगों को ही टिकट खरीदना है क्या? एक आदमी और एक औरत बारी बारी टिकट लो |” फिर औरतों से कहा, “घर मैं तो तुम लोग बड़ा शोर मचाती हो ,यहाँ मर्दों से मात खा रही हो, क्या ऐसे ही पुरुषों से बराबरी करोगी ?” हमारे शोर मचाने का इतना असर तो हुआ कि औरतो मैं जोश आया और उन्होंने भी धक्का मुक्की शुरू कर दी ,अब कतार आगे बढ़ने लगी | हम बड़ी तसल्ली से अपने स्थान पर जाकर खड़े हो गए | हमें उम्मीद बंध रही थी कि अब समय पर टिकट मिल जायेगा ,
......लेकिन ये क्या.......? ये हम क्या देख रहे है .....?  कुछ बुजुर्ग महिलाऐं, बिना लाइन मैं लगे ही टिकट ले रही है | एक दो महिलाओं ने टोका भी लेकिन उन के कान पर जूं तक नहीं रेंगी | हद तो तब हो गयी जब और भी कई  आंटियां, साइड से आ आ कर टिकट  लेने लगी | अब तो हमारी सहनशक्ति जबाब देने लगी | एक तो हम पहली बार अकड़ मैं अकेले जा रहे है ,यदि टिकट ही नहीं ले पाए, तो पहली सीढ़ी से ही गिर जायेंगे | ......’नहीं ऐसा नहीं हो सकता.... ये हमारी इज्जत का सवाल है’|
हममें जोश आ गया और हम पूरे दम से  चिल्लाये “ ए........ बिना कतार के कोई टिकट नहीं लेगा, हम सब पागल नहीं है,जो पिछले आधे घंटे से लाइन मैं लगे है | हमें देखकर, अन्य महिलाओ मैं भी जोश का संचार हुआ, वो भी चिल्लाने लगी | हमारे आगे अभी आठ दस महिलाएं थी और वक्त कम | अब हमने धक्कामुक्की शुरू की.... हमने अपने पीछे वाली महिलाओं को भी भड़का दिया था कि ट्रेन छूट जाएगी और हम टिकट नहीं ले पाएंगे | अब पीछे से भी धक्कामुक्की शुरू हों गयी | इसी का फायदा उठा कर हम खिडकी तक पहुँच गए| जैसे ही... हमने खिडकी में हाथ डालने की कोशिश की, तीन चार पुरुषों ने अपने हाथ फंसा दिए और हममें कोहनी मार दी | एक बार तो हमारे पांव झिझक कर पीछे हुए, लेकिन अगले ही पल हमने रानी लक्ष्मी बाई को याद किया, और सोचा कि ‘एक वो थी जो इतने पुरुषों को हरा दिया | लानत है हम पर जो कोहनी से डर गए |’ हमने भी पूरे जोश मै उन पुरुषों को धक्का दिया और ये क्या.... वो तो एक के ऊपर एक गिर पड़े थे | हमने बिना एक पल भी गवाएं टिकट खरीदा,और जब तक वो संभलते, हम वहाँ से ऐसे भागे मानो सचमुच युद्ध जीत लिया हो |
अब हम प्लेटफार्म कि तरफ भागे ,साथ में  हमारे बेचारे पतिदेव भी भाग रहे थे ,क्योंकि गाड़ी छूटने का वक्त हो रहा था | हमारे पैरों मै दर्द हो रहा था ,लेकिन हमने हिम्मत नहीं हारी और फटाफट रेल मै चढ़ गए | इस उम्मीद में कि आराम से बैठेंगे | हमारे चढ़ते ही रेल चल पड़ी | हम तो ठीक से पति से बाय भी नहीं कर पाए |
लेकिन हमारी मुसीबत का अंत यही नहीं हुआ,अंदर का हाल देखकर तो हमारे होश उड़ गए | रेल में तो सचमुच भीड़ की रेल पेल थी | वहां बैठना तो दूर ठीक से खड़े होने की भी जगह नहीं थी |
कंधे पर बैग का बोझ लटकाए ,हम एक टांग पर बगुला भगत की तरह खड़े, खुद को कोस रहे थे और अपने आप से बातें कर रहे थे .......क्या जरुरत थी बहादुरी दिखाने की ? यदि बहादुरी दिखानी ही थी, तो कम से कम रिजर्वेशन तो करवा कर आती वेबकूफ कहीं की |और मजा लो जल्दबाजी का, चलो अब जनरल डिब्बे में | इन दस सालो में हम दो से चार हों गए लेकिन जनरल डिब्बे दो के दो ही है| लगता है इन्होने अपनी फेमिली प्लान कर रखी है | और सरकार को तो  जनसंख्या बढ़ने का पता ही नहीं है | पता भी कैसे चलेगा ? नेता तो फर्स्ट क्लास में सफर करते है जबकि रेल के जनरल डिब्बे में ही पता लगता है कि भारत में जनसंख्या विस्फोट हो चुका है |
…......और जरा सीट पर बैठे हुए लोगों को देखो खड़े हुए लोगो को ऐसे देख रहे है, मानो उन्होंने देश के प्रधानमंत्री की सीट पा ली हो | उनके चेहरे पर विजयी मुस्कान ऐसे थिरक रही थी मानो खड़े हुए लोगों की दुर्दशा का मजाक बना रहे हों |
खैर हमने जैसे एक तैसे आराम से खड़े होने लायक जगह तो पा ही ली थी | तभी एक महिला ने एक बैठे हुए पुरुष से कहा “ भैया हमें बैठने दो’ तो वो तुरंत बोला “क्यों... पुरुषों से बराबरी मांगती हो,तो खड़ी रहो, पुरुषों के साथ कंधा मिलाकर | ये सीट महिलाओ के लिए रिजर्व नहीं है | इस पर तो हमारा हक है |” वो बेचारी अपना सा मुँह लेकर चुपचाप रह गयी और पुरुष यात्री जोर जोर से हँसने लगे | अब उन्हें एक टॉपिक मिल गया था, बात करने का “महिलाओं का आरक्षण” |
कुछ मनचले पुरुष, इस भीड़ का फायदा उठा कर, महिलाओं से स्पर्श का सुख     उठाने कि कोशिश कर रहे थे | जब हमने विरोध करना चाहा तो इसका जबाब वही मिला, जिसकी हम उम्मीद कर रहे थे यानि..... “ इतनी सती सावित्री बन रही हो तो अकेले इस जनरल डिब्बे में सफर क्यों कर रही हो ? मैडम जी...,रिजर्वेशन करवा कर जाती और जोर जोर से हँसने लगे | हम भी मुँह की खाकर एक कोने में सिमट गए |
अभी थोडा वक्त ही बीता था कि चाय गर्म चाय,समोसे गर्म समोसे की आवाज आई और हटो रास्ता दो.....की  आवाज के साथ बेचने वाले, हमें अकड कर धकेलते हुए निकलने लगे.. मानो, ये रेल उन्होंने खरीद रखी हो | आखिर करे भी क्यों ना ? उनका तो रोज का काम जो है | हम फिर से सिमट कर कोने में जगह बनाने लगे | हम ठीक से खड़े भी नहीं हो पाए थे कि कुछ छक्के ताली बजा कर पैसे मांगते हुए आ गए | हमने कहा, “हम ठीक से खड़े तो हो नहीं पा रहे पर्स कैसे खोले ?”
और ये क्या ? उन्होंने तो हमारे लिए जगह बनाना कर शुरू दिया “हटो हटो थोडा खिसको दीदी को खड़े  होने दो | हम खुश होते हुए, जैसे ही  संभल कर खड़े हुए,उसने हमारे सामने हाथ पसार दिया, अब तो हमारे पास कोई बहाना ही नहीं था, उसे पैसे ना देने का, हमने दस का नोट निकाला और चुपचाप दे दिया | उससे कम में तो वो मान भी नहीं रहे थे | इसी तरह कभी भीख मांगने वाले ,कभी बेचने वाले आते रहे और हम सिकुड़ते रहे| खड़े खड़े हमारी टांगे जबाब दे रही थी | हम भगवान से दुआ कर रहे थे कि जल्दी से हमारा स्टेशन यानि मथुरा आ जाए |
तमाम धक्का मुक्की और खींचा-तानी के बाबजूद जैसे तैसे २ घंटे बीत गए | अब हमारा स्टेशन आने वाला था | हमने दरवाजे कि ओर बढ़ना चाहा लेकिन हमारी मुसीबत यही खत्म नहीं हुई | दरवाजे पर बहुत से लोग बैठे हुए थे | जिन्हें उतरना था वो उन पर चिल्ला रहे थे , ‘हटो यहाँ से हमें उतरना है’अभी उनकी बहस चल ही रही थी कि स्टेशन आ गया | ......अरे बाप रे स्टेशन पर भी इतनी भीड़,....हे भगवान हम कैसे उतरेंगे ? हमें  डर लग रहा था .....और रेल के रुकते ही, चढने और उतरने वालों की धक्का मुक्की शुरू हो गयी | हमने भी शोर मचाना शुरू किया ‘भैया हमें उतर जाने दो | हम कुछ मेहनत करते इतने में ही पीछे वाले यात्रियों ने ऐसा धक्का दिया कि हम अपने बैग सहित प्लेटफार्म पर आ गिरे | हमारी हथेली ओर घुटने छिल गए थे, हमारी आँखों में आंसू आ गए थे | लेकिन हम हिम्मत करके अपने कपड़े झाड़ते हुए उठे ,पैरों में दर्द की टीस सी उठी | पर यहाँ तो सभी भागमभाग में थे ,हमारी मदद कौन करता ? इस सबके बीच खुशी इस बात कि थी कि हम अपनी मंजिल तक पहुंच गए थे |
धन्य हो भारतीय रेल जिसने हमारी अक्ल ठिकाने लगा दी | हमने मन ही  मन सोचा कि अब कभी इस तरह की बहादुरी नहीं दिखाएंगे कान पकड़ते हैं |
खुद को घसीटते हुए हम जैसे तैसे प्लेटफार्म के बाहर आये और आवाज लगाई
रिक्शा ......................|


Saturday, September 19, 2015

भाषाई राजनीति

जो इंसान रोटी कमाने के लिए अपना गांव,शहर या देश छोड़ कर निकलता है वो दिमागी रूप से तैयार होता है ,कोई भी भाष ,बोली, खानपान या संस्कार सीखने के लिए अब वो भाषा चाहे मराठी ,पंजाबी हो या जर्मन इससे फर्क नहीं पड़ता | पर यदि इस देश के सभी नेताओं के लिए नियम बना दिया जाए कि वो हिंदी में ही बोलेंगे ..तब .......आखिर को तो आप हिन्दुस्तान में ही रहते हैं ना ?